Swami Dayanand Hospital: हड़ताल पर डॉक्टर्स व नर्सिंग स्टाफ
कोरोना वायरस संक्रमण काल में पूर्वी दिल्ली नगर निगम के “स्वामी दयानंद अस्पताल” (Swami Dayanand Hospital) पर स्वास्थ्य सेवाओं का संकट शुरू हो गया है। दरअसल, आज से इस अस्पताल के डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ ने हड़ताल शुरू कर दी है। इससे मरीजों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है।
निगम द्वारा संचालित अस्पताल में लंबे समय से कई समस्याएं पैदा हो रही है। दरअसल यहां कार्यरत नर्सिंग स्टाफ, डॉक्टरों को तीन से चार महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इसके बावजूद डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारी कोरोना संक्रमण काल में लगातार ड्यूटी कर रहे हैं।
वेतन के बिना लगातार कार्य करने से परेशान होकर नर्सिंग स्टाफ ने 12 जनवरी, बुधवार से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी, जिसे उन्होंने दो दिन के लिए स्थगित कर दिया था। साथ ही 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन से नर्सिंग स्टाफ के साथ डॉक्टरों ने भी हड़ताल पर जाने की चेतावनी निगम को पहले ही दे दी थी।
दरअसल डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ सभी तीन से चार महीनों से वेतन भुगतान के इंतजार में है। कोरोना संक्रमण काल में कई डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ कोरोना संक्रमित हुए है। इसके बाद भी सभी स्वास्थ्य सेवा कर्मचारी अपने दायित्वों का पूर्ण रुप से निर्वाहन कर रहे है।

ओमिक्रॉन : इस अस्पताल में उठा स्वास्थ संकट
इस संबंध में नर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष बींदू शर्मा ने बताया कि निगम अधिकारियों को एक और मौका देते हुए नर्सिंग स्टाफ ने अपनी हड़ताल दो दिनों के लिए आगे बढ़ा दी थी। लेकिन कोई सुनवाई न होने के चलते आज से हड़ताल शुरू की गई है। हड़ताल के संबंध में पहले ही संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है। ऐसे में हड़ताल होने पर नर्सिंग स्टाफ की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। इसके लिए पूर्ण रुप से प्रशासन व अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
बता दें कि अस्पताल का लगभग 250 नर्सिंग स्टाफ व डीएनबी हड़ताल पर है। इसके अलावा डॉक्टर भी काम बहिष्कार कर रहे हैं।